शारदा पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने आज शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति से सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। ज्ञात हो कि विद्यालय में कुछ वर्षों से निरंतर शास्त्रीय संगीत एवं लोक संगीत की शिक्षा विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही है जिसका मंच प्रदर्शन आज मुख्य अतिथियों के समक्ष किया गया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि प्रसिद्ध लोक गायिका एवं आकाशवाणी दूरदर्शन की कलाकार श्रीमती लता पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि प्रो० सैयद अली हामिद अभिनेत्री सुश्री कृतिका पाण्डेय. भातखंडे हिन्दुस्तानी संगीत महाविद्यालय अल्मोडा के तबला प्रवक्ता श्री सुनील कुमार एवं प्रधानाचार्या श्रीमती विनीता शेखर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न शास्त्रीय रागों पर आधारित शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियां दीं। शुरुआत राग तिलंग पर आधारित सरस्वती वंदना से हुई जिसके पश्चात राग बागेश्री पर आधारित ख्याल गायकी एवं राग बहार और राग वृन्दावनी सारंग पर आधारित स्वर माला की प्रस्तुति दी गयी। विद्यालय की संगीत शिक्षिका द्वार सितार पर राग तोड़ी की शानदार प्रस्तुति दी गयी। मंच संचालन ऋषि सेठ, खनक एवं मनफ़-उर-रहमान ने संयुक्त रूप से किया।

छात्र-छात्राओं द्वारा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित झोड़ा, चांचरी एवं छपेली लोकगीतों की भी शानदार प्रस्तुति दी गयी जिसे सभी अतिथियों ने खूब सराहना की। उन्होंने शास्त्रीय संगीत के साथ साथ उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति एवं लोक गीत के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरुक किया। उन्होंने सभी से हमारी कुमाउनी भाषा एवं बोली को जीवंत रखने की अपील की एवं दैनिक बोल चाल में कुमाउनी भाषा का प्रयोग करने के लिए सभी को प्रेरित किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं का शास्त्रीय संगीत एवं लोक संगीत के प्रति रुझान को देख मुख्य अतिथि काफी प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत सभी तरह के संगीत का आधार संगीत है। विद्यार्थियों को विद्यालय में संचालित शास्त्रीय संगीत की कक्षाओं का लाभ लेना चाहिए ताकि वे हिन्दुस्तानी संगीत एवं लोक संगीत के प्रचार प्रसार में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

अंत में प्रधानाचार्या द्वारा सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया गया एवं उन्हें प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला बार एसोसियेशन के अध्यक्ष शेखर लखचौरा, दुर्गा कांडपाल, परवीन हामिद, डा० विभा भट्ट एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे |