गो0 ब0 पन्त राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल, अल्मोड़ा के ग्रामीण तकनीकी परिसर में दिनांक 23 मई, 2023 को सशत्र सीमा बल के जवानों एवं सामाजिक आर्थिक विकास केन्द्र के वैज्ञानिकों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने मिलकर वृक्षारोपण एवं सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में सशत्र सीमा बल (एस.एस.बी.) के 20 जवानों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के आरम्भ में संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं ग्रामीण तकनीकी परिसर प्रभारी डा. अशोक कुमार साहनी ने जवानों को संबोधित करते हुए उन्हें वृक्षारोपण का महत्व तथा पर्यावरण को स्वस्थ बनाने के लिए वृक्षों की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अपने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए सफाई के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर उपस्थित संस्थान की वैज्ञानिक डा. शैलजा पुनेठा ने जवानों को ”लाइफ फार एनवायरनमेंट” कार्यक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि जवानों की इस कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। तत्पश्चात् संस्थान की डा. दीपा बिष्ट ने ढिगरी मशरूम उत्पादन और मशरूम को प्रोटीन का महत्वपूर्ण स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि इसे कम संसाधनों और मेहनत से आसानी से उगाया जा सकता है। इसके उपरान्त जवानों, वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों ने संयुक्त रूप से ग्रामीण तकनीकी परिसर के समीप चौड़ी पत्ती के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के उपरान्त जवानों में बहुत उत्साह देखा गया, तथा उन्होंने संस्थान का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम को बहुत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।