अल्मोड़ा- जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस के जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय ने लगातार बढ़ रही महंगाई पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई अपनी चरम सीमा पर है लेकिन भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार सत्ता में काबिज हुई है तबसे लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें,खाद्यान्न,गैस सिलेन्डर तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के भाव आसमान छू रहे हैं और जनता परेशान है।उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सरकार मध्यमवर्गीय और गरीब वर्ग के बारे में बिल्कुल भी नहीं सोच रही है।उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में हालात और भी गंभीर हैं लाखों लोग बेरोजगार हो चुके हैं।बेरोजगारी का दंश झेल रही जनता आज इस अन्धी और बहरी हो चुकी सरकार के कारण महंगाई की मार झेलने को भी मजबूर है।श्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा यह भूल रही है कि इसी जनता ने उसे सत्ता पर बैठाया है।उन्होंने कहा कि सरकार को मध्यमवर्ग और गरीब वर्ग के बारे में सोचकर महंगाई को कम करने के लिए अविलम्ब सार्थक निर्णय लेने चाहिए।