अल्मोड़ा :
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्र नीति संगठन के नेतृत्व में चलाए गए 44 दिवसीय सफल जन आंदोलन के बाद बुधवार को एक भव्य धन्यवाद सभा का आयोजन ग्राम पंचायत खूंट में किया गया। सभा की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनोद तिवारी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता, मीडियाकर्मी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस आंदोलन में प्रमुख रूप से ग्राम पंचायत खूंट, धामस, सेनार, चाण, रौन डाल चाण क्षेत्रों से जुड़ी तीन अहम मांगें उठाई गई थीं—
1. कोसी नदी पर पुल निर्माण
2. मुख्य सड़क का डामरीकरण
3. जीआईसी खूंट में स्थायी पेयजल व्यवस्था
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड में पहाड़ी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग को भी आंदोलन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया।
सभा में आंदोलन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी साथियों का आभार व्यक्त किया गया। अजय जोशी (द एस्प्रेंट) को आंदोलन का सूत्रधार और प्रेरणास्रोत बताते हुए विशेष सम्मान दिया गया। इसके अलावा गोविंद प्रसाद, नंदन सिंह, पूरन सिंह बोरा, नेहा आर्य, किरण आर्या, सुरेश तिवारी, सुशील शाह, देवेंद्र मेहता, दीपक आर्य, मदन बिष्ट सहित सैकड़ों ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों को भी मंच से धन्यवाद दिया गया।
एडवोकेट विनोद तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि जनसमूह की आवाज़ था। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो भविष्य में और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सभी को संगठित रहने और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्षरत रहने का आह्वान किया।
धन्यवाद सभा का समापन राष्ट्रगान और संघर्ष के प्रतीक गीतों के साथ हुआ।