उत्तराखण्ड पुलिस आरक्षी शारीरिक मानक/दक्षता परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए एस एस पी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा ने भर्ती प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में दी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन किया जाएगा, और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एस एस पी देवेन्द्र पींचा स्वयं मैदान में उतरकर भर्ती प्रक्रिया की देख-रेख कर रहे हैं और सभी स्पर्धाओं को अपनी निगरानी में आयोजित करवा रहे हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि सभी इवेंट्स पर कैमरों द्वारा निगरानी रखी जा रही है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
भर्ती प्रक्रिया की सभी स्पर्धाओं की विडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि कोई भी विवाद न उत्पन्न हो। इस पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सभी अभ्यार्थी जोश और उत्साह के साथ परीक्षा में भाग ले रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि चयन प्रक्रिया में कोई भेदभाव या धोखाधड़ी नहीं हो रही है।