मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना 2025-26
अल्मोड़ा : नेशनल कराटे व मार्शल आर्ट एकेडमी अल्मोड़ा की छात्रा माही बिष्ट ने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना 2025-26 के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में माही ने शानदार प्रदर्शन कर छात्रवृत्ति के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
कोच यशपाल भट्ट ने जानकारी दी कि माही बिष्ट की इस सफलता से न केवल खेल अकादमी, बल्कि उसके विद्यालय और परिवार को भी गर्व हुआ है। माही ने अपने कोच, विद्यालय की प्रधानाचार्या, माता ममता बिष्ट और पिता किशन सिंह बिष्ट का नाम गौरवान्वित किया है।
कोच भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य खेल मंत्री द्वारा शुरू की गई इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे उभरते खिलाड़ियों को न केवल प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग अल्मोड़ा और जिला क्रीड़ा अधिकारी का भी आभार जताया।
इस अवसर पर एशियन कोच व रेफरी सतीश जोशी, एशियाई पदक विजेता प्रज्ञा जोशी, राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी निलेश जोशी, भाजपा के पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, नगर निगम प्रतिनिधि अजय वर्मा, सरस्वती शिशु मंदिर की प्रधानाचार्या पूनम जोशी और कोच यशपाल भट्ट ने माही को शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।