संगठन की मजबूती और प्रशासनिक हस्तक्षेप पर जताई चिंता, नई कार्यकारिणी का गठन
अल्मोड़ा,
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, सिंचाई विभाग की अल्मोड़ा शाखा का वार्षिक अधिवेशन बुधवार को सिंचाई उपखंड कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन के पहले सत्र में विभागीय इंजीनियर्स और कार्मिकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विभागीय कार्यों में बढ़ते प्रशासनिक हस्तक्षेप पर सदस्यों ने गंभीर आपत्ति जताई और इसे संगठन की स्वायत्तता के लिए घातक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के जिलाध्यक्ष ई. जीवेश वर्मा ने की। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को संगठित होकर आगे आना होगा। बैठक में एसीआर प्रक्रिया, बेलदारों की कमी, और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही जनहित के कार्यों को समय पर निष्पादन करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
दूसरे सत्र में नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से ई. सिद्धार्थ साह को सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ, अल्मोड़ा शाखा का अध्यक्ष और ई. दिव्यां बिष्ट को सचिव चुना गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन ललित मोहन बिष्ट ने किया। अधिवेशन में ई. मोहन सिंह रावत, ई. विपिन तिवारी, लता नयाल, पंकज कुमार आर्य, दीपक मटियाली, सुमन बिष्ट, विशाखा पंत, और अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अधिवेशन की सफलता के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।