अल्मोड़ा: राजमाता शिव कामिनी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा चौघानपाटा स्थित मयंक पैलेस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेश नयाल ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने किया।
बैठक में कार्यक्रम के मुख्य संयोजक के रूप में आनन्द डंगवाल को नियुक्त किया गया। सह-संयोजकों में लीला बोरा, रेखा आर्य, पुष्पा भंडारी और राजेंद्र जोशी शामिल हैं। बैठक के दौरान आनन्द डंगवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती मई 2025 में भव्यता के साथ मनाई जाएगी।
इस अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अल्मोड़ा में यह कार्यक्रम 29 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंपर्क, शोभायात्रा, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। 21 मई से 31 मई तक चलने वाले इस आयोजन के तहत विधानसभा के चारों मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं एवं एनजीओ की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 19 मई को सायं 4 बजे चौघानपाटा से शिखर चौराहे तक ‘सिंदूर सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रोतेला, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष किरण पंत, पूर्व अध्यक्ष अरविंद बिष्ट, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र बिष्ट, उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, प्रकाश भट्ट, मीना भैसोड़ा, सह मीडिया प्रभारी जगत तिवारी, आईटी प्रमुख गोविंद मटेला, पूर्व नगर अध्यक्ष अमित शाह मोनू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लीला बोरा, उपाध्यक्ष तारा जीना, नगर अध्यक्ष महिला मोर्चा दीपा अधिकारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र जोशी, सभासद मनोज जोशी, शुभम रोतेला, ममता साह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और जन-जन से जुड़ा बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।