दुराचार की घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों का प्रदर्शन, दोषियों को सख्त सजा की मांग
अल्मोड़ा, नैनीताल जिले में एक नाबालिग हिंदू बालिका के साथ हुए दुराचार की घटना ने समूचे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य कृत्य के विरोध में आज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की अगुवाई में अल्मोड़ा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने एकजुट होकर आक्रोश जताया।
सुबह से ही नगर के मुख्य बाजारों में प्रदर्शन शुरू हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए लोगों ने नारेबाजी की और शांति पूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
मानवता के समर्थन में स्थानीय व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज की नैतिकता पर हमला है, जिसका विरोध हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। आवश्यक सेवाएं यथावत चालू रहीं।
सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि इस गंभीर अपराध की निष्पक्ष जांच हो और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। यह विरोध न केवल एक बच्ची के सम्मान की लड़ाई है, बल्कि एकजुट समाज की भी तस्वीर है जो अन्याय के खिलाफ डटकर खड़ा है। कार्यक्रम में प्रमुखता से विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल सिंह नयाल, जिला मंत्री विजय सिंह सिराड़ी, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह कनवाल, मंगल सिंह के अलावा भाजपा के पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, नगर अध्यक्ष भाजपा विनीत बिष्ट, रवि रौतेला, ललित लटवाल, कुंदन लटवाल, दीपक पाण्डेय, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट, दर्शन रावत, धर्मेंद्र बिष्ट, राजीव गुरुरानी, राजीव राज गुरुरानी, मनोज सनवाल, जगमोहन बिष्ट, युवाम वोहरा, कैलाश गुरुरानी आदि हजारों लोग मौजूद रहे।