भूल्यूड़ा (अल्मोड़ा),
पपरसली से सब्जी उत्पादक ग्राम भूल्यूड़ा तक प्रस्तावित तीन किलोमीटर सड़क मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। जुलाई 2021 में सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला एवं ग्राम भूल्यूड़ा के संयुक्त प्रयासों से प्रारंभ हुआ यह कार्य बांड की शर्तों के अनुसार जुलाई 2022 तक पूर्ण हो जाना था, परंतु लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड की लापरवाह कार्यप्रणाली और वन विभाग के साथ समन्वय की कमी के कारण आज दिनांक तक यह सड़क मार्ग पूर्ण नहीं हो पाया है।
गांव चलो अभियान के तहत सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला ने बताया कि अल्मोड़ा नगर से सटा यह अत्यंत उर्वरक क्षेत्र सालभर विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन करता है। इस गांव के कई युवाओं ने शहरों की नौकरियां छोड़कर सब्जी उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाया है और ब्रोकली, एवोकाडो जैसे उन्नत फसलों का न केवल उत्पादन कर रहे हैं, बल्कि बिना किसी सरकारी सहायता के विपणन की व्यवस्था भी स्वयं कर रहे हैं। इसके बावजूद कृषि, उद्यान और स्थानीय प्रशासन जैसे विभागों की उदासीनता के कारण यह क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
पिछले छह महीनों से ग्रामीणों द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कई ज्ञापन दिए गए, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। इससे क्षुब्ध होकर आज ग्रामीणों ने विनय किरौला के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता का घेराव किया। ग्रामीणों ने स्टाम्प पेपर पर नोटरी के साथ यह शपथ ली कि यदि एक माह के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों के भारी दबाव और आक्रोश के सामने झुकते हुए अधिशासी अभियंता ने 20 जुलाई 2025 से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग:
सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला, जीवन सिंह बिष्ट, संजय बिष्ट, मोहित बिष्ट, ग्राम प्रशासक वैशाली टम्टा, कमल बिष्ट, गौरव बिष्ट, आशा देवी, बहादुर सिंह बिष्ट, हरीश बिष्ट, ज़मन सिंह बिष्ट, जगदीश बिष्ट, पुष्पा देवी, अनीता देवी, सूरज बिष्ट, अमित बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, गीता बिष्ट, ममता मेहता, किशन सिंह, पवन सिंह बिष्ट, दीपांशु बिष्ट, गोपाल सिंह बिष्ट, सागर बिष्ट समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण में लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, अधिशासी अभियंता का किया घेराव

Leave a comment
Leave a comment