जनपद से कुल 25 होनहार खिलाड़ियों का हुआ चयन, खेलप्रेमियों में खुशी की लहर
अल्मोड़ा – खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत वर्ष 2025–2026 में जनपद स्तर पर 8 से 9 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस चयन प्रक्रिया में नगर निगम अल्मोड़ा से तीन होनहार खिलाड़ियों — मारुत सिंह कार्की, मयंक मेहता और रितिक आर्या ने स्थान प्राप्त किया है। जिले से कुल 25 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें ये तीन खिलाड़ी नगर निगम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
मारुत सिंह कार्की, जो कृतार्थ भावना अकादमी का छात्र है, ने इस सूची में विशेष स्थान बनाया है। उनके पिता रोहित कार्की, जो नगर निगम अल्मोड़ा के वार्ड नंबर 19 बमनखोला से पार्षद होने के साथ-साथ पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बेटे की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया। उनकी माता मोनिका कार्की एक सरकारी कर्मचारी हैं। मारुत के चयन पर स्कूल प्रबंधन, स्थानीय खेल प्रेमी, नगर निगम अल्मोड़ा, जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा तथा पत्रकार समुदाय ने उन्हें बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी हैं।
इसी तरह मयंक मेहता और रितिक आर्या ने भी अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से यह अवसर प्राप्त किया है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से उनके परिवार, शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों में उत्साह का वातावरण है।
खेल प्रेमियों ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं नवोदित खिलाड़ियों को न केवल आर्थिक सहयोग देती हैं, बल्कि उनकी प्रतिभा को निखारने का मंच भी प्रदान करती हैं। इससे राज्य स्तर पर खेल संस्कृति को और अधिक बल मिलेगा।
जनपद स्तर पर चयनित इन 25 खिलाड़ियों को अब आगे राज्य स्तरीय परीक्षणों और प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। अल्मोड़ा जिले की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खेल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।