अल्मोड़ा – गांधी पार्क, अल्मोड़ा में राष्ट्र नीति संगठन के तत्वावधान में और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनोद तिवारी के नेतृत्व में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्थानीय विधायक मनोज तिवारी समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
इस रैली में उत्तराखंड के पहाड़ी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने संबंधी विधेयक को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। साथ ही जीआईसी खूंट में पानी की आपूर्ति, सेनार-रौन-डाल-चाण मोटर मार्ग के डामरीकरण और सड़क पर पुल निर्माण की मांगों को लेकर भी जनता ने अपनी आवाज बुलंद की।
राष्ट्र नीति संगठन द्वारा अब तक की दो सूत्रीय मांगों में एक नई मांग को जोड़ते हुए इसे तीन सूत्रीय आंदोलन का स्वरूप दिया गया है। मांगों में शामिल हैं:
- पहाड़ी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करना
- गैर-पहाड़ी जिलों को अनुसूचित जनजातीय क्षेत्र घोषित करना
- जीआईसी खूंट विद्यालय में पेयजल सुविधा व सड़क-पुल निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करना
एडवोकेट विनोद तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन अब और व्यापक रूप लेगा और पूरे राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में इसे लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। इस संबंध में विधेयक का ड्राफ्ट उत्तराखंड सरकार, केंद्र सरकार और स्थानीय विधायकों को भेजा जा चुका है।
रैली में शामिल प्रमुख लोगों में अजय जोशी (एस्प्रेंट कोचिंग), सुशील शाह, विनय किरौला, किरण आर्या, मदन सिंह बिष्ट, नंदन सिंह बिष्ट, गोविंद प्रसाद, धीरेन्द्र गैलकोटी, जेसी दुर्गापाल, प्रकाश जोशी, वैभव पांडे, नीरज पवार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।