जिलाधिकारी ने स्वयं आश्रम पहुंचकर किया अलंकरण, बालिकाओं को दी प्रेरणा
अल्मोड़ा, संवाददाता-
भारत सरकार द्वारा अल्मोड़ा जनपद की प्रसिद्ध गांधीवादी समाजसेवी राधा बहन को प्रदान किए गए पद्मश्री सम्मान को औपचारिक रूप से मंगलवार को उनके कौसानी स्थित लक्ष्मी आश्रम में सौंपा गया। स्वास्थ्य कारणों के चलते वे दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल नहीं हो सकीं थीं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने स्वयं आश्रम पहुंचकर उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान भेंट किया।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने आश्रम की बालिकाओं से संवाद करते हुए राधा बहन के त्याग, सेवा और आत्मनिर्भरता के सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राधा बहन जैसे व्यक्तित्व हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। “मैं चाहता हूँ कि इस आश्रम से और भी पद्म पुरस्कार विजेता निकलें, जो समाज सेवा में अपना विशिष्ट योगदान दें,” उन्होंने कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी की दृष्टि मार्ग में हो रही अवैध कटाई और भूमि क्षरण पर भी पड़ी। उन्होंने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सी.एस. मर्तोलिया, तहसीलदार नेहा धपोला, संस्कृति विभाग के जनमेजय तिवारी, थ्रीश कपूर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कौसानी के लक्ष्मी आश्रम में राधा बहन को पद्मश्री सम्मान

Leave a comment
Leave a comment