अल्मोड़ा। प्रत्येक वर्ष 22 मई को विश्व जैव विविधता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन पृथ्वी पर जीवन की विविधता और हमारे जीवन में इसकी महत्ता को याद करने का अवसर प्रदान करता है। इसी क्रम में स्टेशन अनुभाग, अल्मोड़ा के अंतर्गत वन विश्राम भवन हरीतिमा परिसर में जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्टेशन अनुभाग अधिकारी अमित सिंह भैसोड़ा, भास्कर नाथ महंत, विवेक तिवारी एवं कविता के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। झीझाड़ वार्ड पार्षद अमित साह (मोनू), नंदा देवी वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट तथा लक्ष्मेश्वर वार्ड पार्षद अभिषेक जोशी ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, खाद्य सुरक्षा और आजीविका का भी एक अहम आधार है।
इस वर्ष विश्व जैव विविधता दिवस 2025 की थीम है: प्रकृति के साथ सद्भाव और सतत विकास, जो यह संदेश देती है कि पर्यावरण संरक्षण और विकास दोनों को संतुलित रखते हुए ही एक बेहतर भविष्य संभव है।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों को जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था और यह संदेश देना था कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन ला सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी को पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।