अल्मोड़ा,
नगर मंडल अल्मोड़ा के तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज गंगनाथ मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा हरियाली बढ़ाना भी है। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय की गई है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को छांव और स्वच्छ वायु मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से शुरू किया गया है, जिसका लक्ष्य देशभर में 10 करोड़ पौधे लगाने का है। यह केवल पर्यावरण की सुरक्षा नहीं बल्कि मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना भी है।
इस अवसर पर नगर निगम अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के अभियान से बच्चों और युवाओं में सतत् विकास के प्रति संवेदनशीलता उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि पौधरोपण के दौरान स्थानीय व क्षेत्रीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिले।
पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की संकल्पना को विशेष बताते हुए कहा कि यह पहल मां के प्रति आदरभाव प्रकट करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि जैसे एक मां जीवन को पोषित करती है, वैसे ही पेड़ भी अगली पीढ़ी को सुरक्षा और पोषण प्रदान करते हैं।
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद पिल्खवाल ने सामूहिक प्रयासों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि भारत ने बीते दशक में वन क्षेत्र बढ़ाने में उल्लेखनीय प्रगति की है और यह अभियान सतत विकास के लिए एक आवश्यक पहल है।
इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मां के नाम पर पेड़ लगाना न केवल पर्यावरण की रक्षा है, बल्कि मातृत्व का सम्मान भी है। यह एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें हर वर्ग और हर उम्र के लोग शामिल होकर पर्यावरण व मातृत्व दोनों का आदर कर रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट, देवेंद्र भट्ट, पार्षद अमित साह मोनू, जिलाउपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, नगर उपाध्यक्ष दिनेश मठपाल, आशीष कुमार, हरीश कनवाल, नगर मंत्री आनंद भोज, कार्यालय मंत्री कमल वर्मा, मदन बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, मनोज सनवाल, चंदन बहुगुणा, मनोज भंडारी, निशा बिष्ट समेत अनेक गणमान्य नागरिक, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” संकल्प के साथ किया गया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत गंगनाथ मंदिर परिसर में पौधारोपण

Leave a comment
Leave a comment