अल्मोड़ा (गोलना करड़िया), संवाददाता।
जैसे-जैसे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनाव प्रचार में भी तेज़ी आ रही है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रेम लटवाल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है, जिनके पक्ष में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र में व्यापक प्रचार किया जा रहा है।
सोमवार को गोलना करड़िया क्षेत्र में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर संपर्क कर मतदाताओं से प्रेम लटवाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, क्षेत्र प्रभारी धर्मेंद्र बिष्ट सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गांव-गांव तक विकास पहुंचा है। अब जनता एकमत होकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का मन बना चुकी है।
पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों को ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। कुंदन लटवाल ने दावा किया कि प्रेम लटवाल ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएगी और विकास को गति मिलेगी।
प्रचार में भूपेंद्र भोज, तिलोक रौतेला, शंभू जोशी, दर्शन नैनवाल, कृपाल राम सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।