अल्मोड़ा में संत निरंकारी मिशन के संयोजक खीम सिंह रेकुनी ने एक पत्रकार वार्ता में ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तृतीय चरण के शुभारंभ की जानकारी दी। इस परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण का लाभ मिल सके। ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना के तहत, इस तृतीय चरण का भव्य शुभारंभ 23 फरवरी को अल्मोड़ा के कोसी नदी में एक जुलूस के साथ स्वच्छता कार्यक्रम के रूप में किया जाएगा।
संत निरंकारी मिशन ने वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाना भी है। इस अभियान ने पहले दो चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की थी। अब तृतीय चरण को और भी व्यापक, प्रभावी और दूरगामी दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया गया है, ताकि यह अभियान समाज में जागरूकता, सेवा और समर्पण की एक मजबूत लहर उत्पन्न कर सके।
खीम सिंह रेकुनी ने बताया कि यह अभियान देशभर के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों और 1600 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इस महाअभियान की व्यापकता इसे ऐतिहासिक रूप में परिणत करेगी और जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश जन-जन तक प्रभावशाली रूप से पहुंचाएगा। अल्मोड़ा में 23 फरवरी को यह अभियान निरंकारी सेवादारों द्वारा कोसी नदी पर आयोजित किया जाएगा।
संत निरंकारी मिशन के लगभग 10 लाख स्वयंसेवक और विभिन्न संस्थानों के युवा जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए इस अभियान में शामिल होंगे। इस प्रयास के तहत गीतों की संगीतमय प्रस्तुति, समूह गान, जागरूकता सेमिनार और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से जल जनित रोगों और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आज की युवा पीढ़ी को समाज कल्याण की दिशा में सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित करने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने भी हमेशा समाज को यह प्रेरणा दी है कि हम इस धरती को और अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं। यह अभियान उसी संकल्प का प्रतीक है, जो समाज को जागरूकता, सेवा और समर्पण की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।
यह जानकारी स्थानीय मीडिया प्रभारी प्रकाश खेड़ा ने दी। पत्रकार वार्ता में राम प्रकाश निरंकारी, माया गुरुंग, तारा बिष्ट, स्नेहा निरंकारी, नंदाबल्लभ तिवारी, शगुन उप्रेती, सुरेश चंद्र पांडेय, शिवलाल, रणजीत आदि लोग उपस्थित थे।