अल्मोड़ा (हवालबाग), संवाददाता।
हवालबाग विकासखंड के मेहला गांव स्थित श्री सीताराम राधेकृष्ण सांई मंदिर में सोमवार को मंदिर के तृतीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर संगीतमय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन दो दिन तक चलेगा, जिसका समापन मंगलवार को भंडारे के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः पंचांग कर्म के साथ हुई। वैदिक विधि-विधान से शुभारंभ के बाद मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ शुरू हुआ, जिसे गायकों की टीम ने भजनों की संगीतमय प्रस्तुति के साथ संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से इस आयोजन में भाग लिया।
वैदिक कर्मकांड का संचालन पुरोहित मोहन पाठक के निर्देशन में किया गया। रामायण पाठ के दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ भगवान श्रीराम के चरित्र का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर आयोजक गंगा जोशी, दीप जोशी, विनोद जोशी सहित समस्त पारिवारिक जन, ग्रामवासी एवं श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मंगलवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।