तीन महिलाओं को मिला ‘सशक्त नारी सम्मान’, माउंट आबू से हुआ शुभारंभ
अल्मोड़ा।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा वर्ष 2025 में “ध्यान से विश्व एकता और विश्वास” विषय पर वैश्विक स्तर पर आयोजित की जा रही श्रृंखला के अंतर्गत अल्मोड़ा के राजयोग केंद्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का शुभारंभ 17 अप्रैल को माउंट आबू में देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम को दिल्ली से ऑनलाइन संबोधित करते हुए महिला प्रभाग की अध्यक्षा तथा रूस, बाल्टिक देशों सहित दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी चक्रधारी बहन ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व में अविश्वास, वैमनस्यता, चिंता, भय, दुःख, अशांति और अवसाद जैसे नकारात्मक भाव बढ़ते जा रहे हैं। हर क्षेत्र में व्यवसायीकरण की प्रवृत्ति बढ़ रही है। ऐसे समय में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा विश्व के 140 से अधिक देशों में 8500 से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक ज्ञान की शिक्षा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आत्म-चिंतन और परमात्मा से संबंध स्थापित कर व्यक्ति शांति, प्रेम, पवित्रता, ज्ञान, आनंद, विश्वास और एकता जैसे मूल्यों को जीवन में ला सकता है और नव-विश्व निर्माण में सहयोगी बन सकता है।
इस अवसर पर सशक्त नारी सम्मान से सम्मानित की गईं तीन महिलाओं—डॉ. वसुधा पंत, डॉ. मंजू बोरा एवं निर्मला जोशी—को प्रशस्ति पत्र, दुपट्टा, बैज और एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित महिलाओं ने मंच से अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए और आयोजकों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में हल्द्वानी सेवा केंद्र से ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने शुभकामनाएं दीं और जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाने का संदेश दिया। टी.डी.आई. सिटी, सोनीपत से आईं ब्रह्माकुमारी गीता बहन ने कहा कि राजयोग का नियमित अभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सजग बनाता है।
पूर्व स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. दुर्गापाल ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की सेवाओं की सराहना की और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं, दिल्ली/एनसीआर क्षेत्रीय मीडिया संयोजक ब्रह्माकुमार गणेश जोशी ने संस्था के वैश्विक कार्यों और सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. बोरा, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त डॉ. हेमंत पांडे, डॉ. वंदना, रजनी पंत, सावित्री सांगा, भारती, ममता, नीरू, सुनीत वर्मा, नेहा अग्रवाल, नयना, अजय तिवारी, अमर सिंह नेगी आदि प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार हेमेंद्र जोशी द्वारा कुशलता से किया गया।