अल्मोड़ा,
भारतीय जनता पार्टी, अल्मोड़ा कार्यालय में मराठा साम्राज्य की महान शासिका अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, विशिष्ट अतिथि कुंदन परिहार, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, नगर निगम मेयर अजय वर्मा, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट तथा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लीला बोरा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज अपने गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों को नई पीढ़ी के समक्ष लाने का कार्य कर रहा है। उन्होने कहा कि मोदी सरकार अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
मुख्य वक्ता रेखा आर्य ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर मराठा साम्राज्य की एक लोकप्रिय और न्यायप्रिय महारानी थीं। उन्होंने 30 वर्षों तक मालवा और निमाड़ क्षेत्र में कुशल प्रशासन दिया। उन्होंने मंदिर, घाट, कुएं, धर्मशालाएं बनवाईं और गरीबों व महिलाओं के हित में कई योजनाएं चलाईं। वे स्वयं युद्धों में भाग लेती थीं और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित थीं।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुंदन परिहार ने कहा कि अहिल्याबाई और मोदी सरकार के कार्यों में कई समानताएं हैं। जैसे अहिल्याबाई ने विधवाओं के लिए सुधार, महिला सेना का गठन, मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया, वैसे ही मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण, गरीबों के कल्याण और पारदर्शी शासन की दिशा में कार्य कर रही है।
राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि अहिल्याबाई का जन्म 31 मई 1725 को चौंडी गाँव (महाराष्ट्र) में एक किसान परिवार में हुआ था। वे बाल्यकाल से ही दयालु, बुद्धिमान और साहसी थीं। पति व पुत्र की मृत्यु के बाद उन्होंने राज्य की बागडोर संभाली और “लोकमाता” के रूप में जानी गईं।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक आनंद डंगवाल ने किया। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नागरिकगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मेयर अजय वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, गिरीश खोलिया, विनीत बिष्ट, अरविंद बिष्ट, बिट्टू कर्नाटक, सिकंदर पवार, लीला बोरा, किरण पंत, पार्षदगण, महिला मोर्चा सदस्यगण और विभिन्न मंडल अध्यक्ष सहित अनेक लोग सम्मिलित थे।