पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुस्तफाबाद सीट से जीत हासिल करने वाले भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें जीत की बधाई दी। यह चुनाव काफी दिलचस्प था, क्योंकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और ओवैसी की पार्टी ने भी प्रत्याशी उतारे थे, जिससे मुकाबला कड़ा हो गया था। खासकर ओवैसी की पार्टी ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को मैदान में उतारा था, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे। मोहन सिंह बिष्ट ने आम आदमी पार्टी के आदिल अहमद खान को 17 हजार 578 वोटों से हराया, जबकि कांग्रेस के अली मेहदी को 11 हजार 763 वोट मिले।
मोहन सिंह बिष्ट छः बार के विधायक हैं, जिन्होंने पहली बार 1998 में विधानसभा चुनाव जीता था। वह मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के अजोली गांव के निवासी हैं और 1976 में दिल्ली आए थे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) जॉइन की। इसके बाद से वह लगातार भाजपा से जुड़कर राजनीति में सक्रिय रहे। वह पहले करावल नगर से विधायक थे, लेकिन 2025 में भाजपा ने उन्हें मुस्तफाबाद सीट से उम्मीदवार बनाया। यह सीट मुस्लिम बहुल है, लेकिन बिष्ट ने अपनी कड़ी मेहनत और भाजपा की नीतियों के तहत यहां भी शानदार जीत दर्ज की।
पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने इस जीत को भाजपा की रणनीतिक सफलता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की विकासात्मक सोच और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जोशीली जनसभाओं और रोड शो का नतीजा है। कर्नाटक ने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण ही पार्टी लगातार लोगों के दिलों में अपनी जगह बना रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आगामी दिनों में भाजपा का यह विजय रथ और भी मजबूती से आगे बढ़ेगा और पूरे देश में भगवा रंग की लहर छाएगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता रंजीत गडाकोटी, हरीश शर्मा और राजीव शर्मा भी मौजूद रहे। बिट्टू कर्नाटक ने विधायक मोहन बिष्ट को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि वह आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताएं प्राप्त करेंगे।
छः बार के विधायक मोहन बिष्ट से शिष्टाचार भेंट कर पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने दी जीत की शुभकामनाएं

Leave a comment
Leave a comment