सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला की अगुवाई में लोगों ने जताया विरोध, शीघ्र कार्य शुरू करने की मांग
अल्मोड़ा |
विवेकानंद पुरी वार्ड में एच.एन.बी. स्टेडियम से जीवन ज्योति तक नाले के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के खिलाफ नाराज़गी जताई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला की अगुवाई में दर्जनों नागरिक मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर बरसात को देखते हुए शीघ्र नाले निर्माण की मांग पर अड़ गए।
ज्ञात हो कि उपरोक्त नाला एक वर्ष पूर्व ही बन जाना था, लेकिन सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते यह कार्य अब तक प्रारम्भ नहीं हो सका है। विनय किरौला ने आरोप लगाया कि विभाग ने दो बार ठेकेदार को कार्य विस्तार दिया, बावजूद इसके नाले पर आज तक कोई कार्य नहीं शुरू हुआ है। इससे स्पष्ट होता है कि विभाग ठेकेदार के दबाव में कार्य कर रहा है।
विनय किरौला ने कहा कि यह स्थिति अल्मोड़ा नगर की महत्वाकांक्षी जल निकासी योजना के साथ कुठाराघात के समान है। नाले का निर्माण न होने से क्षेत्रवासियों को बारिश के दौरान जलभराव और जनहानि जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि अधिशासी अभियंता समेत कई बार विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय नागरिकों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है और नाले निर्माण में सहयोग का भरोसा भी दिया गया है।
इससे पूर्व 09 जून 2025 को हुई वार्ता में विनय किरौला ने 15 दिनों में कार्य प्रारम्भ नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। आज की बैठक में मुख्य अभियंता ने प्रतिनिधि मंडल को चार दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कार्य शुरू नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे:
सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला, पार्षद कमला किरौला, हिमालय क्रांति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पी.एस. लटवाल, नरेंद्र सिंह बघरी, मोहन सिंह गुसाईं, दीवान सिंह भाकुनी, रमेश सिंह कनवाल, डी.के. उपाध्याय, के.पी. जोशी, कौशल बिष्ट, कमल लटवाल, गजेंद्र सिंह, सूरज सिंह नेगी, सुजीत टम्टा, मोहित साह सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विवेकानंद पुरी वार्ड में जीवन ज्योति नाले के निर्माण की मांग तेज, सिंचाई विभाग को 4 दिन का अल्टीमेटम

Leave a comment
Leave a comment