अल्मोड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हालिया बयानों पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें हास्यास्पद और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि झूठ और लूट कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हरीश रावत और हरक सिंह रावत की बातचीत का वीडियो सार्वजनिक हो चुका है, जिसमें खुद रावत ‘तुम भी कमाओ और लूटो’ जैसे शब्दों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। यह कांग्रेस की सोच और कार्यप्रणाली को उजागर करता है।
नयाल ने कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीतियों के चलते उत्तराखंड का विकास अवरुद्ध हुआ, जिसका खामियाजा आज भी जनता को भुगतना पड़ रहा है। इसके विपरीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहा है, जो कांग्रेस को पच नहीं रहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि कैचीधाम क्षेत्र में बायपास बैली ब्रिज निर्माण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। साथ ही क्वारब में 3 किमी लंबे बाईपास के लिए 1065.21 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। क्रोनिक स्लिप जोन के ट्रीटमेंट के लिए 17.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य प्रगति पर है। हिल साइड ट्रीटमेंट हेतु 51.37 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया भी तकनीकी मूल्यांकन के दौर में है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी सजग प्रहरी की भूमिका में लगातार कार्य कर रहे हैं। राज्य में सफल राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के साथ पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में आउट-ऑफ-टर्न नियुक्ति दी जा रही है। इसके अतिरिक्त सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी सुनिश्चित किया गया है। नकल विरोधी कानून और सख्त भू कानून जैसे ऐतिहासिक कदम राज्य में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत कर रहे हैं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर भी उत्तराखंड देश के सामने उदाहरण बन चुका है। चारधाम यात्रा में रिकार्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन यह दर्शाता है कि राज्य धार्मिक पर्यटन की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
महेश नयाल ने कहा कि हरीश रावत की तानाशाही और अलोकतांत्रिक रवैये के कारण कांग्रेस के अधिकांश विधायक और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनकल्याणकारी कार्यों ने जनता में विश्वास पैदा किया है। हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। आगामी पंचायत और सहकारिता चुनावों के लिए भी पार्टी ने तैयारियाँ प्रारंभ कर दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से भाजपा एक बार फिर ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।