अल्मोड़ा।
कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड–2026 के लिए अल्मोड़ा की बेटी एनसीसी कैडेट नयना बिष्ट के चयन से जनपद सहित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून में खुशी की लहर दौड़ गई है। नयना बिष्ट वर्तमान में ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून में बीटेक की छात्रा हैं तथा 11 यूके बटालियन, देहरादून में सीनियर अंडर ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
नयना बिष्ट का चयन उनके कठोर अभ्यास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम माना जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर प्रतिभाग के लिए चयन होना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे अल्मोड़ा जनपद के लिए गर्व का विषय है। उनके चयन की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर, एनसीसी यूनिट तथा उनके गृह जनपद अल्मोड़ा में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
नयना के चयन पर एनसीसी अधिकारियों, ग्राफिक एरा कॉलेज प्रशासन एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने कहा कि नयना का चयन अन्य कैडेट्स के लिए भी प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाता है कि कड़ी मेहनत व अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय नयना बिष्ट ने अपने गुरुजनों, एनसीसी अधिकारियों और परिजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन, एनसीसी अधिकारियों द्वारा दिया गया अनुशासनात्मक प्रशिक्षण तथा परिवार का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। नयना ने यह भी बताया कि इस उपलब्धि तक पहुँचने में उन्हें अपने इष्ट देवताओं, पूर्वजों और विशेष रूप से अपनी दादी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।
नयना बिष्ट के पिता प्रकाश बिष्ट एक प्रसिद्ध रंगकर्मी हैं, जबकि उनकी माता प्रीति बिष्ट एक समाजसेविका हैं। परिवार के संस्कार, सामाजिक चेतना और सकारात्मक वातावरण का भी नयना के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
नयना बिष्ट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अल्मोड़ा के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। गणतंत्र दिवस परेड–2026 में कर्तव्य पथ पर कदमताल करती अल्मोड़ा की बेटी नयना बिष्ट जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
गणतंत्र दिवस परेड–2026 के लिए एनसीसी कैडेट नयना बिष्ट का चयन, अल्मोड़ा में हर्ष का माहौल
Leave a Comment
Leave a Comment



