अल्मोड़ा – रेड क्रॉस समिति अल्मोड़ा ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए समय रहते संकट में फंसे एक बुजुर्ग व्यक्ति की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्रातः समय नगर के ढूंगाधारा क्षेत्र से रेड क्रॉस समिति को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। परिवार आर्थिक एवं शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण उन्हें अस्पताल नहीं ले जा पा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए रेड क्रॉस समिति के पदाधिकारी तुरंत सक्रिय हुए। समिति के प्रांतीय सदस्य मनोज सनवाल, सचिव विनीत बिष्ट, यूथ रेड क्रॉस चेयरमैन अमित साह ‘मोनू’, उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट तथा अन्य सदस्य अभिषेक जोशी, पूर्व सभासद जगमोहन बिष्ट, गीता मेहरा, गोविंद सिंह मेहरा और प्रमोद बोरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए स्टैचर और वाहन की व्यवस्था की और तत्काल मरीज को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
समिति के इस त्वरित और समर्पित प्रयास से न केवल मरीज को समय पर उपचार मिल सका बल्कि परिजनों को भी बड़ी राहत मिली। चिकित्सकों के अनुसार यदि मरीज को थोड़ी और देर में अस्पताल लाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
रेड क्रॉस समिति अल्मोड़ा जनहित के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाती रही है। चाहे आपदा हो, सड़क दुर्घटना हो, रक्त की आवश्यकता हो या चिकित्सा सहायता – समिति हर बार तत्परता से सेवा में जुटती है। इस विशेष सहयोग के लिए स्थानीय लोगों ने रेड क्रॉस टीम के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की।
समिति के सचिव विनीत बिष्ट ने कहा कि “जनसेवा ही हमारा धर्म है। जब भी कहीं से कोई मदद की पुकार आती है, रेड क्रॉस की टीम उसे प्राथमिकता से लेती है और यथासंभव सहायता प्रदान करती है।”
रेड क्रॉस समिति की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि समाज में सेवा की भावना अब भी जीवित है और ऐसे संगठन हमारी सामाजिक संरचना को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।