काफलीखान (अल्मोड़ा), : धौलादेबी विकासखंड के काफलीखान चौराहे पर बीते दो सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है, जिससे क्षेत्रवासियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पेयजल निगम को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन में आई तकनीकी खराबी या टूट-फूट के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है। इसके चलते उन्हें पीने के पानी तक के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
ग्रामीण दिवान सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कई बार संपर्क कर समस्या की जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि पाइपलाइन की मरम्मत कर जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।
गांववासियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय जनता ने प्रशासन से भी अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लें और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है और लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है।