उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में, शचि शर्मा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा नंदादेवी, अल्मोड़ा में होली महोत्सव के दौरान जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में सचिव शचि शर्मा ने खड़ी होली से किया और दीप प्रज्ज्वलित कर उपस्थित लोगों को विधिक सहायता की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करने, उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देने और समाज में विधिक जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
शिविर में महिला कल्याण संस्थान की अध्यक्ष रीता दुर्गपाल और अन्य संस्थान सदस्य भी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान सचिव ने नंदादेवी परिसर में लगाए गए विधिक सहायता स्टाल का निरीक्षण किया, जहां आमजन को विधिक सलाह और सहायता प्रदान की जा रही थी। स्टाल में अधिकार मित्र भावना तिवारी और पंकज भगत ने अपनी सेवाएं दीं और लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
शचि शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित सभी को होली की शुभकामनाएं दी और समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। इस जागरुकता शिविर ने न केवल लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया, बल्कि उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के उपाय भी बताए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में कानूनी अधिकारों की जानकारी फैलाना और लोगों को उनका सही उपयोग सिखाना था।