भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो, नैनीताल द्वारा अल्मोड़ा के नगर पालिका हाल में एक पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें  नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी विभाग व भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी राजेश सिन्हा ने पत्रकारों को संबोधित किया।
                        पत्रकार सम्मेलन में बोलते हुए नगर पालिका के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि यद्यपि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है लेकिन फिर भी कई लोग इसको लेकर लापरवाही बरतते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो कि अच्छी बात नहीं है। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी उपायों में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
                         पत्रकार सम्मेलन में बोलते हुए विभाग के अधिकारी राजेश सिन्हा ने कहा कि यद्यपि हमारे देश में कोरोना वैक्सीन अभियान के तहत लोगो को वैक्सीन लगाया जा रही है और अब तक  52 करोड़ लोगों से अधिक लोगों को इसका काम से कम एक डोज़ लगाया जा चुका है, फिर भी हमें इसके बचाव को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरी है।
                           उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को लेकर भी लोगों को अधिक जागरूक करने के उद्देश्य से कल 13 अगस्त को दिन में 11ः00 बजे से अल्मोड़ा के धारानौला स्थित सरस्वती इन के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसके मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा के उपाध्यक्ष मा0 रघुनाथ सिंह चौहान होंगे तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद जोशी होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में सरकारी चिकित्सक व सामाजिक कार्यकर्ता भी लोगों को अपने विचारों से जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रेस वार्ता विभाग की ओर से कोरोना के संभावित तीसरे लहर से बचाव व स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के प्रति जन जागरूकता  के उद्देश्य से किया गया।