विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, अल्मोड़ा के तत्वाधान में टेरिस थिएटर, धारानौला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी निशु बहुगुणा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही वंशिका वोहरा को मातृशक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट और विशिष्ट अतिथि नगर निगम पार्षद अर्जुन बिष्ट एवं संजय जोशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लोक गायक कल्याण बोरा जी द्वारा पहाड़ की चेली ले गया गीत से की गई, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
सर्वप्रथम, मुख्य अतिथि ने निशु बहुगुणा को सम्मानित किया। निशु बहुगुणा की प्रारंभिक शिक्षा अल्मोड़ा के एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज से हुई थी और ग्रेजुएशन भी SS जीना कैंपस अल्मोड़ा से किया। वे एक बहुत अच्छी नेटबॉल खिलाड़ी रही हैं और N.C.C. 77 यूसी बटलियन में रैंक होल्डर भी रहीं। निशु ने 38वें राष्ट्रीय खेल नेटबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया, जिसके लिए उन्हें मातृशक्ति सम्मान 2025 से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में, पिथौरागढ़ की ज्योति कोहली ने पहाड़ की विषम परिस्थितियों पर लोकगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद, वंशिका वोहरा को भी मातृशक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। वंशिका एक शिक्षिका, स्कूल संस्थापक और समग्र शिक्षा की समर्थक हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कूर्मांचल अकादमी से प्राप्त की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक तथा अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय, बेंगलुरु से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। वे वर्तमान में ‘द लर्निंग सर्कल स्कूल’ चला रही हैं, जो समग्र और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देता है। उनका उद्देश्य अल्मोड़ा के बच्चों को अपनी परंपराओं, संस्कृति और प्रकृति से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विनीत बिष्ट ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी कार्य में पुरुषों से पीछे नहीं हैं और वे हर क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित कर सकती हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव समर्थन देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर दयानंद कठैत, मनोज चम्याल, ममता वाणी भट्ट, निशा मेहरा, प्रियंका बिष्ट, श्वेता शर्मा, प्रियंका शर्मा, विपिन भट्ट, रोशन बनोला, पूनम वोहरा, जयदीप बोरा, आदित्य पांडे, ज्येष्ठा भट्ट, आशीष बेरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विहान संस्था के निदेशक देवेंद्र भट्ट ने किया।