भाकृअनुप – विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र, हवालबाग में 06 से 07 मार्च 2025 को “श्री अन्न (मिलेट्स) उत्पादन एवं उत्पाद” विषय पर अधिकारी/कर्मचारियों का दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश श्री अन्न पुनरोद्धार कार्यक्रम 2024-25 के तहत उप कृषि निदेशक कार्यालय, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा प्रायोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारी/कर्मचारियों को श्री अन्न (मिलेट्स) फसलों की उन्नत तकनीकों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के उप कृषि निदेशक कार्यालय के अधीन कार्यरत समूह बी एवं समूह सी के 21 अधिकारी/कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के दौरान समन्वयकों ने श्री अन्न फसलों के पोषण सुरक्षा में महत्व और जलवायु परिवर्तन के दौर में इनकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही, संस्थान द्वारा विकसित मिलेट थ्रेशर, उच्च उपजशील, जल्दी पकने वाली, और रोग प्रतिरोधक प्रजातियों के उपयोग पर भी जोर दिया गया, ताकि इन फसलों की बढ़ती हुई मांग को पूरा किया जा सके।
इस दौरान प्रतिभागियों को मिलेट्स से संबंधित नवीनतम तकनीकों जैसे उच्च उपजशील प्रजातियाँ, उन्नत सस्य तकनीकी, फसल सुरक्षा, मूल्यवर्धन और कटाई के बाद प्रसंस्करण के बारे में व्याख्यान एवं भ्रमण के माध्यम से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, जल प्रबंधन, संरक्षित खेती और उन्नत बीजोत्पादन जैसी संस्थान की अन्य उन्नत तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि कृषकों की आय में वृद्धि हो सके।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय डा. कुशाग्रा जोशी एवं महेन्द्र सिंह भिण्डा द्वारा किया गया।