अल्मोड़ा। कुमाऊं के अंतिम राजा आनंद सिंह देवज्यू की 139वीं जयंती मंगलवार को श्री जगदम्बा डयोडी पोखर, अल्मोड़ा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान और व्यक्तित्व का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजपुरोहित नागेश चंद पंत द्वारा हुआ। उन्होंने सर्वप्रथम प्रतिमा पर रोली, अक्षत और चंदन अर्पित कर पुष्पांजलि दी। उन्होंने कहा कि कश्यप गोष्ठी के राजा आनंद सिंह, राजा भीम सिंह देवज्यू के पुत्र थे और अल्मोड़ा के अंतिम राजा के रूप में उन्होंने समाज सेवा, सर्वधर्म सद्भाव और जनकल्याण के कार्यों से लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। वे ज्योतिष, त्रिकालदर्शी, वैद्य, साधु-महात्माओं के प्रशंसक, मातृशक्ति के पूजक और जगदम्बा उपासक रहे। साथ ही वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे और सन् 1921 से 1923 तक कुमाऊं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए एमएलसी रहे।
राजा आनंद सिंह देवज्यू ने कुमाऊं रेजीमेंट की स्थापना में युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। किसानों को सेव और आलू की खेती की दिशा में प्रोत्साहित कर उन्होंने कृषि विकास का मार्ग प्रशस्त किया।
माल्यार्पण कार्यक्रम में चंद वंश के वंशज सोमेश्वर राज चंद्र सिंह, नगर के प्रथम मेयर अजय वर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद जोशी, अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के आनंद सिंह बगड़वाल, कैलाश गुरुरानी, मनोज जोशी, दिनेश पांडे, हेमलता वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजपुरोहित परिवार से नागेश पंत, हरीश पंत, दिनेश पंत, आदित्य पंत, देवेश पंत, चंद्रेश पंत, कार्तिकेय पंत, विजया पंत, हेमा पंत, रक्षित पंत और पूर्व प्रबंधक जागेश्वर मंदिर ज्योत्सना पंत ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन संयोजन दिनेश पंत ने किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने राजा आनंद सिंह देवज्यू के व्यक्तित्व, उनके समाज सुधारक कार्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को भावपूर्ण ढंग से याद किया। समारोह में सभी ने उनके पदचिह्नों पर चलकर कुमाऊं की सेवा करने का संकल्प लिया।
कुमाऊं के अंतिम राजा आनंद सिंह देवज्यू की 139वीं जयंती पर श्रद्धांजलि समारोह

Leave a Comment
Leave a Comment