अल्मोड़ा – नशा मुक्ति की थीम के साथ अल्मोड़ा में तीन दिवसीय होली महोत्सव का शानदार आगाज मल्ला महल में हुआ। इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, महापौर नगर निगम अजय वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान एक पदयात्रा का आयोजन किया गया, जो चौघानपाटा से बाजार होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल तक निकाली गई। इस पदयात्रा में नशा मुक्ति के संदेश को लेकर छोलिया दल, स्कूली बच्चे और महिला समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और लोगों को जागरूक किया।
मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा का मल्ला महल ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है, और यहां आयोजित होली महोत्सव का अपना विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की होली देशभर में अपनी सांस्कृतिक विविधता के कारण प्रसिद्ध है और यह यहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।
अजय टम्टा ने नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ भी लोगों से अपील की और कहा कि होली के इस पर्व पर हमें नशे को छोड़कर एक सरल और मैत्रीपूर्ण समाज का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन को इस आयोजन के लिए बधाई दी।
मल्ला महल में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिनमें जोहार सांस्कृतिक समूह, घुश्मेश्वर महिला समिति, महिला कल्याण संस्था, कोकिला महिला समूह और स्कूली बच्चों ने होली के विविध रूपों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा, कुमाऊं की प्रसिद्ध बैठकी होली का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने सुंदर रंगोली बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए, जिनका लोगों ने खूब लाभ उठाया।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी सीएस चौहान, वीथिका सहायक जन्मजेय तिवारी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति, कलाकार, स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग उपस्थित थे।