अल्मोड़ा: महिला कल्याण संस्था अल्मोड़ा द्वारा आयोजित दो दिवसीय होलिकामहोत्सव के द्वितीय दिवस पर सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस दिन महिला होल्यारों ने अपने रंगारंग प्रदर्शन से दर्शकों को अभिभूत कर दिया। कुल 18 महिला होल्यार टीमों ने, जिनमें अल्मोड़ा और बाहरी क्षेत्रों जैसे हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, रानीखेत और ताकुला से आई टीमों ने, सांस्कृतिक होली शोभायात्रा में भाग लिया। इस शोभायात्रा में होली गायन, युगल नृत्य, एकल नृत्य और स्वांग के द्वारा होली का उल्लास फैलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर अजय वर्मा और शारदा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य विनीताशेखर लखचोरा ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। इसके बाद नंदादेवी गीताभवन मंच में द्वितीय दिवस होलिकामहोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, आनन्द बगडवाल, पार्षद चंचल दुर्गापाल और चन्द्रा लटवाल ने दीप प्रज्वलित करके किया।
महिला समिति की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल और सचिव पुष्पा सती के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत अबीर, टीका और टोपी पहनाकर किया गया। हल्द्वानी की महिला टीम ने शानदार भोजपुरी होली गायन पर दर्शकों से जोरदार तालियां बटोरी। वहीं, ताकुला की महिला होल्यारों ने सतराली क्षेत्र की पारंपरिक खड़ी होली गायन कर देवताओं का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सांस्कृतिक शोभायात्रा में जाखनदेवी महिला टीम ने प्रथम, माँ सुनन्दा भवाली महिला टीम ने द्वितीय और महिला जागृति नैनीताल महिला टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। होली गायन में माँ नन्दा सुनन्दा भवाली ने प्रथम, नियर स्टेडियम खत्याड़ी ने द्वितीय और कोकिला महिला खगमराकोट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नृत्य प्रतियोगिता में भोजपुरी महिला हल्द्वानी ने प्रथम, ताकुला महिला टीम ने द्वितीय और महिला शक्ति खत्याड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्वांग प्रतियोगिता में जोहार महिला न्यू इंदिरा कालोनी ने प्रथम, जाखनदेवी महिला टीम ने द्वितीय और स्यूनराकोट महिला टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चार चरण की प्रतियोगिता में विजेता महिला टीमों को नकद राशि, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। महिला कल्याण संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने सफल होलिकामहोत्सव के समापन पर सभी का आभार व्यक्त किया।