अल्मोड़ा – श्री भुवनेश्वर महादेव रामलीला कमेटी, कर्नाटक खोला की सदस्य श्रीमती आशा मेहता के पुत्र अमन मेहता का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में चयन होने पर नगर में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने अमन को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने इस सफलता को न केवल मेहता परिवार, बल्कि सम्पूर्ण अल्मोड़ा के लिए गर्व का क्षण बताया। श्री कर्नाटक ने कहा कि अमन की सफलता समर्पण, अनुशासन और संकल्प का प्रतिफल है, और यह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मेहता परिवार को शुभकामनाएं दीं और अमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा की धरती सांस्कृतिक, शैक्षणिक और देश सेवा में सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने युवाओं से नशे और भटकाव से दूर रहते हुए अनुशासनपूर्वक जीवन जीने का आह्वान किया और कहा कि पहाड़ के युवाओं में अपार क्षमताएं हैं, जिन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सुनील कर्नाटक, रमेश जोशी, पवन जोशी, देवेंद्र कर्नाटक, अशोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमर बोरा, सुधीर कुमार, प्रकाश मेहता, अनिल जोशी समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कर्नाटक ने की जबकि संचालन रश्मि कांडपाल द्वारा किया गया।