अल्मोड़ा – विवेकानंद हिमालयी विकास केंद्र, अल्मोड़ा तथा संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय (11-12 मार्च, 2025) होली महोत्सव का भव्य उद्घाटन रामलीला मैदान धारानौला में किया गया। इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अल्मोड़ा नगर निगम के महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, निवर्तमान जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा तथा विवेकानंद हिमालयी विकास केंद्र, अल्मोड़ा के संयोजक दीपक पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया और अबीर-गुलाल से होली महोत्सव की शुरुआत की।
महापौर अजय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बसंत पंचमी से ही होली का रंग छाने लगता है और अल्मोड़ा की ऐतिहासिक होली परंपरा में दो महीने तक चलने वाली होली का एक विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि इस दौरान अबीर गुलाल के साथ-साथ बैठी होली और खड़ी होली गायन की शास्त्रीय परंपरा का भी प्रदर्शन किया जाता है। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि अल्मोड़ा की होली सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, और यह बरसाने की होली के बाद दूसरा प्रमुख स्थान रखती है।
निवर्तमान जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कहा कि आज के समय में होली के स्वरूप में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। महिलाओं के बिना होली अधूरी होती है, खासकर कला और संस्कृति के क्षेत्र में महिलाओं की होली का सबसे बड़ा आकर्षण स्वांग है, जिसमें महिलाएं सामाजिक कुरीतियों पर कटाक्ष करती हैं और विभिन्न किरदारों में नजर आती हैं।
विवेकानंद हिमालयी विकास केंद्र के संयोजक दीपक पांडे ने कहा कि वर्तमान समय में महिला होली की बढ़ती परंपरा को संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता है, ताकि यह सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके।
इस होली महोत्सव में पहले दिन महिला बैठी होली का आयोजन किया गया, जिसमें अल्मोड़ा नगर की 8 प्रमुख महिला टीमों ने हिस्सा लिया। इन टीमों में गोलना कराड़िया (धारानौला), जन शिक्षण संस्थान (धारानौला), देवी मंदिर खत्याड़ी, मां भगवती समिति, मां दुर्गा शक्ति समिति, इंदिरा कॉलोनी, भुवनेश्वर समिति, आवास विकास समिति शामिल थीं। बैठी होली प्रतियोगिता में घुश्मेश्वर महिला समिति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मां दुर्गा शक्ति और जगदंबा समिति क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
समारोह में नगर के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने भी अपनी होली गायन का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम में रंग और उल्लास का वातावरण बना। इस दौरान मनोज सवाल, रिकी भट्ट, सी. एस. नैनवाल, सभासद श्याम पांडे, सभासद कुलदीप मेर, सभासद संजय जोशी, सभासद विनय जोशी, टीटू बोरा, भोपाल मनराल, दीपक जोशी, हर्षा नैनवाल, हेमा कांडपाल, पवन जोशी, भगवान रावत, हीरा कनवाल, विमला तिवारी, दीपा बिष्ट, मनमोहन सिंह, श्वेता चन्याल, अमितेश सिंह, प्रांजलि भट्ट और अन्य ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस भव्य होली महोत्सव ने अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखा और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपहार बना दिया।