अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा ज़िले में संगठनात्मक गतिविधियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को बूथ संख्या 155 लक्ष्मेश्वर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
बैठक की अगुवाई बूथ अध्यक्ष अभिजीत तिवारी और शक्ति केंद्र संयोजक संजय जोशी ने की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने की, जबकि संचालन पार्षद अमित शाह (मोनू) ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के निवास पर जनसंवाद कार्यक्रम के साथ हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा की विचारधारा और संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य पर चर्चा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लोअर माल रोड कर्नाटक खोला में जुलूस निकालकर घर-घर जाकर भाजपा के झंडे लगाए और पारंपरिक जल स्रोत नौले की सफाई की।
अंत में रामलीला मंच कर्नाटक खोला में सामूहिक सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने अपने संबोधन में भाजपा की विचारधारा, संगठन की मजबूती, चुनावी सफलताएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में राजनीति को एक नई दिशा दी है और यह कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हो पाया है।
पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक के संघर्षों में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया। नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि इस तरह के आयोजन कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हैं और यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है कि भविष्य में प्रतिपक्ष के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय न रह सकें।
इस अवसर पर पूरन चंद तिवारी, हंसा दत्त कर्नाटक, हयात सिंह बिष्ट, रमेश जोशी, लोकेश कालाकोटी, सोनिया कर्नाटक, रेखा जोशी, शिवानी बिष्ट, अभिषेक तिवारी, अमर बोरा, राजेंद्र कुमार, पायल कांडपाल, अनिल जोशी, मनोज तिवारी, प्रयाग जोशी, कमला पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।