अल्मोड़ा: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल प्रशासक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जन्म जयंती पर आज भारतीय जनता पार्टी, अल्मोड़ा के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बहुगुणा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को याद किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें “हिमालय पुत्र” की उपाधि के साथ नमन करते हुए कहा कि बहुगुणा जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक न्याय और विकास के लिए पूर्णतः समर्पित रहा। उन्होंने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया, बल्कि आज़ादी के बाद शासन-प्रशासन में भी कुशल नेतृत्व दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को आज भी विकास और लोकहित की दृष्टि से याद किया जाता है।
इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने बहुगुणा जी के सिद्धांतों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों में जुटना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, धर्मेन्द्र बिष्ट, कैलाश गुरूरानी, बीना नयाल, रेखा आर्या, पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद अर्जुन बिष्ट, कृष्ण बहादुर, आशीष जोशी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।