अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव धीरेन्द्र सिंह गैलाकोटी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने पर किए जा रहे भव्य समारोह महज दिखावा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन ज्वलंत मुद्दों को छोड़कर जश्न मनाने में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की दिवंगत बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता आज भी न्याय के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार की संवेदनहीनता उनके दर्द को अनदेखा कर रही है। यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार में आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है।
गैलाकोटी ने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के अभाव में नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस नीति नहीं है। लगातार बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
व्यापारियों की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे मनमाने करों से व्यापारी वर्ग बुरी तरह से प्रभावित है। अनियंत्रित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण विकास कार्य ठप हो गए हैं, और प्रदेश गर्त में जा रहा है। इसके बावजूद भाजपा सरकार जमीनी हकीकत से मुंह मोड़कर काल्पनिक उपलब्धियों का गुणगान कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन में बने संस्थानों और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। नौकरशाही बेलगाम हो चुकी है, और भाजपा नेता प्रदेश को पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बांटने की साजिश कर रहे हैं, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
गैलाकोटी ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है। युवा कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है और सच्चाई को सामने लाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे भाजपा के खोखले दावों के बजाय सच्चाई को समझें और अपने हक की लड़ाई लड़ें।