अल्मोड़ा के मोहल्ला वॉर्ड तल्ला ओढ़ खोला निवासी एवं अटल उत्कृष्ट रा. इ.का. लमगड़ा में सहायक अध्यापक व्यायाम के पद पर कार्यरत श्री विनोद कुमार की पुत्री कुमारी अदिति कुमार का चयन गोविन्द बल्लभ पंतनगर विश्वविद्यालय से कृषि खाद्य और कृषि विज्ञान में फ्रांसीसी भारतीय आदान-प्रदान विकास प्रोग्राम के तहत फ्रांस के लिए हुआ है। वर्तमान में अदिति पंतनगर विश्वविद्यालय में बी.टेक. बायोटेक चतुर्थ वर्ष की छात्रा हैं।
अदिति कुमार 09 मार्च 2025 से 04 अप्रैल 2025 तक फ्रांस के औरलैक शहर में कृषि खाद्य और कृषि विज्ञान में अध्ययन करेंगी। अदिति ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, दादा गंगा राम, दादी चंपा देवी, बड़े पिताजी पंकज कुमार, बड़ी माता ललिता माता, अनीता, पिताजी विनोद कुमार, चाचा जगदीश प्रसाद, चाची अंजलि प्रसाद और शारदा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य विनीता लखचौरा को दिया है।
विनोद कुमार की छोटी पुत्री भी वर्तमान में आई.आई.टी. मद्रास में तृतीय वर्ष में अध्ययनरत है। कुमारी अदिति कुमार की इस उपलब्धि पर अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा ने परिवार और अदिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वॉर्ड तल्ला ओढ़ खोला के पार्षद दीपक कुमार और पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद व्यापार मंडल ने भी अदिति को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इसके अतिरिक्त, खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा प्रेमा बिष्ट, अटल उत्कृष्ट रा. इ.का. लमगड़ा के प्रधानाचार्य त्रिभुवन कुमार, समस्त स्टाफ, और माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष श्री भूपाल सिंह चिलवाल तथा ब्लॉक अध्यक्ष तारा सिंह ने भी परिवार और अदिति को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।