अल्मोड़ा। झिंझाड़ वार्ड में पार्षद अमित साह मोनू के सम्मान में वार्डवासियों की ओर से स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पार्षद की सक्रियता और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। वार्डवासियों ने कहा कि पार्षद दिन-रात क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते हैं और जरूरत पड़ने पर रात में भी लोगों के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं।
वार्डवासियों ने बताया कि झिंझाड़ क्षेत्र में लंबे समय से बेतरतीब ढंग से बिछी पेयजल लाइनों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पार्षद अमित साह मोनू ने जल संस्थान से वार्ता कर ऐसी पाइप लाइनों को हटवाने और पेयजल व्यवस्था को व्यवस्थित कराने के लिए पहल की। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त मार्गों के निर्माण तथा क्षेत्र में नशेड़ियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए भी वह लगातार संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष आवाज उठा रहे हैं।
बुजुर्ग परिवार के लिए तत्काल बनवाया क्षतिग्रस्त रास्ता
वार्डवासी खजान काण्डपाल ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार के सभी सदस्य बुजुर्ग हैं। उनके घर के ऊपर की दीवार काफी समय से क्षतिग्रस्त थी, जिसके कारण बारिश का पानी घर के भीतर पहुंच रहा था। घर के समीप का रास्ता भी क्षतिग्रस्त होकर हवा में लटक गया था। इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का आवागमन होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
काण्डपाल के अनुसार पार्षद अमित साह मोनू ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिलाधिकारी अंशुल सिंह से वार्ता की और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा से आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त रास्ते का तत्काल निर्माण कराया गया। इस कार्य के लिए बुजुर्ग परिवार सहित मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी और नगर आयुक्त का आभार जताया।
वार्डवासी पंकज कनवाल ने कहा कि पार्षद दिन हो या रात, क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए पार्षद के साथ सभी वार्डवासियों को भी मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से झिंझाड़ वार्ड को बेहतर और आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जा सकता है।
मोहल्ले की समस्याओं के समाधान के लिए समिति गठित
समारोह के दौरान वार्डवासियों को संगठित कर ‘मां राज राजेश्वरी मोहल्ला समिति’ का गठन भी किया गया। पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि समिति का उद्देश्य मोहल्ले की समस्याओं के साथ-साथ वार्ड और नगर की प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करना है। समिति प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी और उनके समाधान के लिए लगातार पैरवी करेगी।
इसी अवसर पर पार्षद की ओर से मोहल्ले के बीचों-बीच एक स्ट्रेचर भी उपलब्ध कराया गया, ताकि आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद व्यक्ति को तत्काल स्ट्रेचर की सुविधा मिल सके। इस पहल को वार्डवासियों ने जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
सम्मान समारोह में वार्डवासियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए धरातल पर सक्रियता से प्रयास करना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्षद इसी तरह वार्ड के विकास, जनसुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते रहेंगे।
इस अवसर पर भास्कर तिवारी, जगदीश चंद्र तिवारी, खजान काण्डपाल, पंकज कनवाल, राजेंद्र प्रसाद गुरुरानी, अरुण बिष्ट, भोपाल सिंह शाही, शक्ति सिंह, केतन पांडे, विवेक लोहनी, भारत भट्ट, संजय चौहान, लोकेश तिवारी, जय गुरुरानी, विनोद जोशी, पीयूष वर्मा, सागर गुरुरानी, विवेक तिवारी, नीमा गुरुरानी, रजनी पंत, चंद्रा भट्ट, दया तिवारी, दया वर्मा, गुड्डन भंडारी, दीपा भट्ट, किरन साह, हेमा भंडारी, प्रिया भंडारी, माही, मीना सलारिया, मीना मठपाल, भावना तिवारी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
झिंझाड़ वार्ड में पार्षद अमित साह मोनू का भव्य स्वागत, वार्डवासियों ने कार्यों की सराहना
Leave a Comment
Leave a Comment




