अल्मोड़ा। संवाददाता।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित देशव्यापी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में अल्मोड़ा नगर निगम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर में 36वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि नगर के लिए गौरवपूर्ण मानी जा रही है, जिसने पहाड़ी क्षेत्रों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
नगर निगम अल्मोड़ा की इस उपलब्धि के पीछे पार्षदों, सफाई कर्मचारियों, नागरिकों और नगर आयुक्त कार्यालय की संयुक्त मेहनत मानी जा रही है। निगम ने विगत एक वर्ष में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया। कूड़ा-कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त अभियान, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, तथा नागरिकों में जागरूकता फैलाने के लिए समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
नगर आयुक्त ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह केवल एक रैंक नहीं बल्कि जनता की सहभागिता और सफाई कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि अगले वर्ष टॉप 20 में अल्मोड़ा का नाम आए।”
वहीं, मेयर अजय वर्मा ने इसे नगर के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि “यह सफलता अल्मोड़ा की जनता की जागरूकता और टीमवर्क का प्रमाण है। हम आने वाले समय में और बेहतर सफाई सुविधाएं मुहैया कराएंगे।”
नगरवासियों में भी इस रैंकिंग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर नगरवासियों ने स्वच्छता टीम और निगम को बधाई दी और इसे अल्मोड़ा की सकारात्मक छवि के रूप में सराहा।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में अल्मोड़ा नगर निगम ने हासिल किया 36वां स्थान, नगरवासियों में हर्ष

Leave a comment
Leave a comment