अल्मोड़ा। अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याणकारी संस्था की बैठक स्थानीय होटल में आयोजित की गई, जिसमें संस्था की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता चुनाव अधिकारी पूरन सिंह एरी ने की। अध्यक्ष पद पर जमन सिंह देवड़ी, उपाध्यक्ष पर हयात सिंह गैड़ा, महासचिव पर लक्ष्मण सिंह बोरा, उपसचिव पर हयात सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष पर राम सिंह बिष्ट और प्रचार मंत्री पद पर अशोक सिंह को चुना गया। ऑडिटर के रूप में पूर्व रेंजर जसवंत सिंह और रूप सिंह बिष्ट को मनोनीत किया गया।
संरक्षक मंडल में डॉ. एस.एस. पथनी, आनंद सिंह सतवाल, पूरन सिंह एरी और एम.एस. नेगी शामिल किए गए। बैठक में भारत-पाक युद्ध में देश के वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
संस्था ने नगर निगम अल्मोड़ा से नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा गोवंश और बंदरों की समस्या पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की, जिससे आम जनता सुरक्षित रह सके। साथ ही भारत सरकार से आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू करने की पुनः मांग की गई।
उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए राज्य में बनने वाली सड़कों की अधिकतम चौड़ाई 18 मीटर और दोनों ओर फुटपाथ बनाए जाने की मांग की गई। अपूर्ण सड़कों को शीघ्र पूर्ण करने की अपील भी बैठक में की गई।
इस बैठक में संस्था के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें गजेंद्र सिंह रावत, मदन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह, मनोहर सिंह नेगी, जसोत सिंह बिष्ट सहित अनेक पदाधिकारी शामिल थे।