कसारदेवी (अल्मोड़ा): वॉइस फॉर ग्रीन अर्थ अभियान के तहत उत्तराखंड यूथ नेटवर्क (यूवाईएन) से जुड़े युवाओं ने रविवार को कसारदेवी क्षेत्र में जागरुकता रैली और ग्रीन वॉक का आयोजन किया। इस दौरान युवाओं ने जंगल में फैले प्लास्टिक कूड़े, बोतलों और अन्य निष्प्रयोज्य सामग्री को इकट्ठा कर जिला पंचायत के कूड़ा एकत्रीकरण वाहन के हवाले किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) एवं प्रभारी नगर आयुक्त देवेश शासनी ने की, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रशासक (निवर्तमान प्रधान) मनोज मेहरा ने की। अमन संस्था के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत ने कूड़ा वाहन और कार्मिक उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान किया। स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, भोजन माता, ग्राम प्रशासक और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।
सीडीओ देवेश शासनी ने युवाओं की पहल को प्रेरणादायक बताया और कहा कि यदि युवा इसी ऊर्जा से कार्य करते रहें तो स्वच्छ पर्यावरण का सपना जल्द साकार हो सकता है। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन यूवाईएन की समन्वयक भारती पांडे ने किया। उन्होंने बताया कि 5 जून को 45 दिवसीय वॉइस फॉर ग्रीन अर्थ अभियान का समापन होगा। इससे पहले 9 नवंबर 2024 को भी बल्टा के जंगल में ग्रीन वॉक आयोजित की गई थी।
करीब दो घंटे चले इस अभियान में युवाओं ने 24 बैग कूड़ा इकट्ठा किया। इस मौके पर अमन संस्था की नीलिमा भट्ट, यूवाईएन की तनुजा आगरी, विभिन्न गांवों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहने, भोजन माताएं, और एसएसजे विश्वविद्यालय परिसर के कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता बिष्ट, चंद्रा मेहरा, सीमा मेहरा, हेमा मेहरा, मोहनी बिष्ट,आशा कार्यकर्ता गीता आर्या,आशा मस्यूनी, भोजन माता कमला कनवाल मौजूद रहें।