अल्मोड़ा : अल्मोड़ा में उपाध्यक्ष, प्रवासी परिषद उत्तराखण्ड (राज्य मंत्री स्तर) पूरन चन्द्र नैनवाल का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सर्किट हाउस में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नैनवाल को फूलमालाओं से सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नैनवाल ने प्रवासी परिषद उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी को सम्मानित बताया और खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों के कल्याण हेतु कई योजनाएं बना रही है, जिनका उद्देश्य प्रवासियों के योगदान को मान्यता देना और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करना है।
भजपा कार्यकर्ताओं से संबोधित करते हुए नैनवाल ने कहा, हमारा कर्तव्य है कि पार्टी की नीतियों और योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएं। हमें एकजुट होकर प्रदेश के विकास में योगदान देना होगा। भाजपा पार्टी का आधार कार्यकर्ता होते हैं और हमें हमेशा उनके साथ खड़ा रहना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस विश्वास के साथ काम करें कि वे केवल अपने इलाके के लिए नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए काम कर रहे हैं। नैनवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का जनता के बीच विश्वास ही पार्टी की सफलता का मुख्य कारण है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी नैनवाल का स्वागत किया। इस मौके पर सर्किट हाउस में क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
अल्मोड़ा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण स्पष्ट रूप से देखा गया, और सभी ने नैनवाल के नेतृत्व में प्रदेश की राजनीति और विकास को नई दिशा देने का संकल्प लिया।