एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में चलाया जागरुकता अभियान
अल्मोड़ा :
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर अल्मोड़ा जिले में गांव-गांव और शहर-शहर साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत महिला थाना अल्मोड़ा की टीम ने 11 मई को ग्राम घूरसो में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक जानकी भण्डारी के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। टीम में शामिल उप निरीक्षक तनुजा हयांकी, महिला कांस्टेबल इंदिरा भट्ट जोशी और द्रौपदी सुयाल ने ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी स्कैम, एटीएम फ्रॉड, अज्ञात लिंक, फिशिंग जैसे साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
महिला पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, डायल 112, महिला अपराध की रोकथाम, बाल विवाह और मानव तस्करी के प्रति भी जागरूक किया। उपस्थित नागरिकों को इन विषयों पर जानकारीपूर्ण पर्चे भी वितरित किए गए।
एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने कहा कि जिले भर में साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है और पुलिस विभाग इसके लिए कृतसंकल्प है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बेहद लाभकारी बताया।