अल्मोड़ा: एल.आर. साह रोड स्थित शौचालय के पास का मार्ग, जो लंबे समय से जर्जर हालत में था, आखिरकार सत्य पथ न्यूज़ की आवाज़ बनने और जनहित में की गई शिकायत के बाद रातोंरात मरम्मत कर दिया गया। यह मार्ग नंदा देवी मंदिर को जाने वाले मुख्य रास्तों में से एक है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु और विभागीय अधिकारी आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि यह सड़क लंबे समय से टूटी हुई थी, जिससे न केवल वाहन चालकों बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से वर्षा ऋतु में यह मार्ग कीचड़युक्त और फिसलन भरा हो जाता था, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती थी।
सत्य पथ न्यूज़ ने इस गंभीर समस्या को उजागर किया और सार्वजनिक मंचों पर इसे उठाया। हमारी इस जनहित मुहिम का सकारात्मक असर देखने को मिला जब नगर निगम के दो सक्रिय पार्षद – अमित शाह मोनू, अर्जुन बिष्ट और भाजपा नेता कैलाश गुरुरानी ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी ली और तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित की।
इस कार्य को पूरा कराने में लोक निर्माण विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग के अधिशाषी अभियंता हर्षित गुप्ता ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जनता की असुविधा को प्राथमिकता दी और अपनी देखरेख में रातोंरात मरम्मत कार्य पूरा करवाया। यह प्रशासनिक सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की तत्परता का बेहतरीन उदाहरण है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया। सत्य पथ न्यूज़ का उद्देश्य है – जनता की आवाज़ को सही मंच देना और विकास कार्यों में सहयोग सुनिश्चित करना।
यह घटना इस बात का प्रमाण है कि जब मीडिया, जनप्रतिनिधि और प्रशासन एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो समस्याओं का समाधान संभव है – और वह भी समय रहते।