नैनीताल घटना के विरोध में फूटा आक्रोश, सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
अल्मोड़ा: प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के विरोध में महिला कांग्रेस अल्मोड़ा ने सोमवार को स्थानीय चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं पर हो रहे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने हाल ही में नैनीताल में एक बालिका के साथ हुई दुराचार की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। राधा बिष्ट ने कहा कि सरकार का ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान केवल विज्ञापनों तक सीमित रह गया है और महिला सुरक्षा के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
प्रदेश महामंत्री प्रीति बिष्ट ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए कड़े कानूनों की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए और दोषियों को अल्प समय में सख्त से सख्त सजा, यहां तक कि फांसी दी जानी चाहिए।
महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, रोजगार और महंगाई के मामलों में सरकार केवल प्रचार तक सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर हालात बदतर होते जा रहे हैं।
प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष लता तिवारी, प्रदेश महामंत्री प्रीति बिष्ट, लीला जोशी, भावना वर्मा, पूनम आर्य, राधा राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पाण्डे, परितोष जोशी, शहाबुद्दीन सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।