अल्मोड़ा।
नगर निगम अल्मोड़ा की निर्वाचित बोर्ड के गठन के बाद महापौर अजय वर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड की द्वितीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विगत बैठक की पुष्टि के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सहायक नगर आयुक्त भरत त्रिपाठी ने जानकारी दी कि बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु प्रस्तावित बजट पर चर्चा की गई और सदन द्वारा रु. 3,93,344,000 अनुमानित आय तथा रु. 4,08,903,000 अनुमानित व्यय का बजट स्वीकृत किया गया। इस दौरान नगर विकास से संबंधित 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया गया।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर को हेरिटेज टाउन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके तहत ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए नगर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ किया जाएगा जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय आर्थिकी को बल प्राप्त हो।
उन्होंने बताया कि दशहरा महोत्सव के आयोजन को भव्य रूप देने के लिए एमईएस कार्यालय से जीजीआईसी मैदान तक सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित है। साथ ही ऐतिहासिक नंदा देवी मेले को भी भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बैठक में नगर में बंदरों, कुत्तों एवं आवारा पशुओं की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने हेतु ठोस कार्य योजना तैयार करने की बात कही गई। सीवर लाइन के शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कर सम्पूर्ण नगर क्षेत्र को सीवर से जोड़ने की योजना को मंजूरी मिली।
महापौर ने कहा कि आधुनिक महिला शौचालय, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, और अव्यवस्थित पाइप लाइनों का पुनर्गठन जैसे बुनियादी सुधारों पर भी जोर दिया गया है। वेंडिंग जोन आवंटन कर स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे और स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिकायतों के त्वरित समाधान और कर संग्रहण के लिए डिजिटल प्रणाली विकसित की जाएगी। नगर को एजुकेशनल हब बनाने के उद्देश्य से आधुनिक ई-लाइब्रेरी के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नए नगर निगम भवन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सोलर हाई मास्क लाइट्स और सोलर स्ट्रीट लाइट सिस्टम की स्थापना की जाएगी। नए पार्क एवं चिल्ड्रन पार्क विकसित किए जाएंगे और पुराने पार्कों का अधुनिकीकरण किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगर में पैदल पथ (फुटपाथ) का निर्माण करवाया जाएगा। नगर निगम हॉल का विस्तार, एबीसी सेंटर में श्वानों का बधिकरण, तथा आवारा गोवंश के लिए गौशाला निर्माण की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे।
इस बैठक में नगर आयुक्त दिवेशा शाशनी, नगर निगम के समस्त पार्षदगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम बोर्ड बैठक में विकास कार्यों को लेकर 10 प्रस्ताव पारित, हेरिटेज नगर की अवधारणा को मिलेगा नया स्वरूप

Leave a comment
Leave a comment