देहरादून/अल्मोड़ा।
राजधानी देहरादून स्थित पी.एम.श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित 54वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत योग प्रतियोगिता में अल्मोड़ा की नव्या भाकुनी ने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंडर-14 बालिका वर्ग में नव्या ने अपने उत्कृष्ट योग कौशल का परिचय देते हुए निर्णायकों का दिल जीता और अब वह राष्ट्रीय स्तर (नेशनल्स) की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
पी.एम.श्री केंद्रीय विद्यालय, अल्मोड़ा की छात्रा नव्या ने यह सफलता अपने कोच कमल जोशी के मार्गदर्शन और अपनी कठिन मेहनत के बल पर अर्जित की। नव्या ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, माता-पिता और विद्यालय के प्रधानाचार्य को दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, समर्पण और परिवार तथा शिक्षकों के समर्थन ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने में मदद की है।
नव्या की इस शानदार उपलब्धि पर अल्मोड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्रवासियों ने नव्या को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने नव्या की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने नव्या के नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन को विद्यालय के लिए गर्व की बात बताया।

कोच कमल जोशी ने नव्या की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है कि वह आज इस मुकाम पर पहुँची हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नव्या राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अल्मोड़ा और विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
बताते चलें कि 54वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया था, जिसमें योग प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। नव्या के रजत पदक जीतने से अल्मोड़ा के खेल जगत में भी एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
नव्या भाकुनी की सफलता से यह साबित होता है कि समर्पण, कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। पूरे अल्मोड़ा क्षेत्र को नव्या से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा है।