अल्मोड़ा।
पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक द्वारा विगत कई वर्षों से मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सम्मान कार्यक्रम की परंपरा इस वर्ष भी जारी रही। इस बार इसका शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज बसर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके उपरांत बिट्टू कर्नाटक ने प्रधानाचार्या, अतिथियों और मेधावी विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह, मेडल और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए कर्नाटक ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता उसके कठोर परिश्रम और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल शैक्षणिक ज्ञान देते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों का भी संचार करते हैं।
कर्नाटक ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ अंक प्राप्त कर न केवल अपने शिक्षकों, बल्कि माता-पिता का भी गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यायाम, खेलकूद और मनोरंजन को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से आगाह करते हुए इसे सामाजिक बुराई बताते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या डॉ. चन्द्र कला वर्मा ने बिट्टू कर्नाटक का स्वागत करते हुए कहा कि वे वर्षों से मेधावी छात्रों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं, जिसके लिए विद्यालय परिवार उनका आभारी है। साथ ही, उन्होंने कर्नाटक द्वारा समाजसेवा के कार्यों की भी सराहना की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान महेश चंद्र काण्डपाल, हयात सिंह बिष्ट, रमेश चंद्र जोशी, देवेंद्र कर्नाटक, निखिल तिवारी, प्रकाश मेहता, प्रतिभा जोशी, आशा मेहता, कंचन पाण्डे, प्रिया काण्डपाल, भावना काण्डपाल, शिक्षिका ममता राणा, हेमलता भट्ट, चम्पा देवी, पुष्पेश जोशी, रेनू बिष्ट, ममता दुर्गापाल, अनंता जोशी, ज्योति भारती, सुनीता, कल्पना पाण्डे, पीटीए अध्यक्ष दयाल चंद्र काण्डपाल, देबीदत्त काण्डपाल, कमला काण्डपाल समेत अनेक अभिभावक और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन पुष्पेश जोशी और रश्मि काण्डपाल ने संयुक्त रूप से किया।